Friday, April 16, 2010

रंग मेरा भी कोई कम तो नहीं....


चाँद भी देख के शरमाता है,
रंग गोरा सभी को भाता है,

रंग मेरा भी कोई कम तो नहीं,
ये तेरे तिल से मेल खाता है,

बना के आइना घर में रख ले,
इसमें तेरा भला क्या जाता है,

कहीं आशिक तो नहीं है तेरा,
ये चाँद रोज़ छत पे आता है,

छुपा ले तिल ये अपने होठों का,
ये मुझे रात भर सताता है,

दिल है, इसे संभाल कर रखना,
इसकी आदत है फिसल जाता है.

Tuesday, March 16, 2010

दुआ कर लें...


आओ इस सर को झुका कर कोई दुआ कर लें,
चलो कि हाथ उठा कर कोई दुआ कर लें.

वक़्त बचता ही नहीं आजकल दुआ के लिए,
ज़रा सा वक़्त चुरा कर कोई दुआ कर लें.

सफे दुश्मन में जिनका नाम लिख लिया था कभी,
अब उनको अपना बनाकर कोई दुआ कर लें.

रेत का घर बनायें साथ मिल के बच्चों के,
और उस घर को सजा कर कोई दुआ कर लें.

अपने हिस्से में चंद रोटियाँ जो आईं हैं,
किसी भूखे को खिलाकर कोई दुआ कर लें.

बोझ नौ महीने तक उठाया तुम्हारा जिसने,
पाँव उस माँ के दबा कर कोई दुआ कर लें.

उसकी बेरुखी को क्या कहूँ..


उसकी बेरुखी को क्या कहूँ, अदा कह दूँ ?
वो बेवफा भी नहीं है कि बेवफा कह दूँ.

बीच मंझधार में लाकर जो मुझे छोड़ गया,
कोई बताए उसे कैसे नाखुदा कह दूँ.

और मैं कर भी क्या सकता हूँ ये पता है उसे,
किसी ग़ज़ल को गुनगुनाऊं या कत-आ कह दूँ.

पहले अजमाओ उसे मुझ पे मत यकीन करो,
मेरा क्या, मैं तो किसी को भी फ़रिश्ता कह दूँ.

लो बीत गयी रात अब वो पूछते हैं,
बात जो रात को कहनी थी वो सुबह कह दूँ.

बस यही हुआ होगा...


और होता भी तो क्या बस यही हुआ होगा,
ख्वाब में तुमने मुझे हौले से छुआ होगा.

तेरी यादों की नमी अब भी सताती है हमें,
कहीं आँगन में तेरी याद का कुआं होगा.

अपने आँचल को ना हिलाओ मुसलसल इतना,
अब न भड़केंगे ये शोले, धुंआ धुंआ होगा.

तार बिजली के हिले थे सुबह कुछ याद आया,
मेहमान आये हैं छत पर कोई कौआ होगा.

नगद खरीद के लाते हैं..


मुहब्बत में कोई भी पेचो ख़म नहीं रखते,
फ़क़त इंसान हैं कोई धरम नहीं रखते.

मोहब्बत बांटते हैं औ बदी से डरते हैं,
हिसाब अपनी नेकियों का हम नहीं रखते.

बाद मरने के ही जन्नत नसीब होती है,
और जी लेते अगर ये भरम नहीं रखते.

नगद खरीद के लाते हैं जिंदगी सुबहा,
बस अब उधार की कोई कलम नहीं रखते.

कहीं रोने न लगे माँ भी देखकर हमको,
चाहे कुछ भी हो अपनी आँख नाम नहीं रखते

Tuesday, February 23, 2010

जाहिल नहीं मिला...


महफ़िल में कोई तेरे मुकाबिल नहीं मिला,
तुझ सा हसीन कोई भी कातिल नहीं मिला.

देखना, किसी किताब में पडा मिले,
जब से तुम को सौंप दिया दिल नहीं मिला.

पढ़ पढ़ के किताबों को इश्क सीखता रहा,
मुझ से ज़हीन कोई भी जाहिल नहीं मिला.

हम सारी रात पागलों से ढूँढते रहे,
गोरे बदन पे उसके कहीं तिल नहीं मिला.

इक मौज थी,आगोश में दरिया के बस गयी,
सब कुछ तो मिल गया उसे साहिल नहीं मिला.

काफिये इजाद करता हूँ..


बहुत शिद्दत से मैं जब भी तुम्हारी याद करता हूँ,
नयी ग़ज़ल के नए काफिये ईजाद करता हूँ.

कलम को दिल के छालों में डूबा कर गीत लिखता हूँ,
उन्हें लगता है वक़्त कीमती बर्बाद करता हूँ.

कहीं मैला ना हो जाये ये तेरा हुस्न नज़रों से,
तेरा दीदार हमेशा वजू के बाद करता हूँ.

ख़याल बन के मेरे ज़हन में जो बैठ गया है,
ग़ज़ल में ढाल कर चलो उसे आज़ाद करता हूँ.

मुझे रेशम बना दे गर खुदा, लिपटूं तेरे तन से,
उठा कर हाथ बार बार ये फ़रियाद करता हूँ.

आँखों की ज़बान बोलता रहा हूँ रात भर,
तुम भी तो कुछ कहो मैं इरशाद करता हूँ.

Saturday, February 6, 2010

दिल मवाली है..


दूज के चाँद पर भी लाली है,
है तेरा नूर या दिवाली है,

ज़ुल्फ़ अपनी ना खुली छोड़िये यूँ,
रात पहले ही बहुत काली है.

उसे जो दिल दिया गुमा देगी,
मेरी महबूब भोली भाली है,

हटो सीने में चुभ रहा है कुछ,
तुम्हारी कान वाली बाली है.

दिल से खेलोगे, चोट खाओगे,
फिर ना कहना कि दिल मवाली है.

अब तो महलों से तोड़ दो नाता,
घर हमारा भी खाली खाली है.

Sunday, December 27, 2009

दायरा इन दिनों दुनिया का कितना तंग लगता है,
ज़रा सी उंगलियाँ मोड़ो तो मुट्ठी में सिमटता है.

फ़क़त ये माँ का आँचल ही उसे महफूज़ रखता है,
बच्चा माँ से पिटता है तो माँ से ही लिपटता है.

बड़े मकान के छोटे से इक कमरे में बूढ़ा बाप,
किसी मुरझाये हुए फूल कि तरह बिखरता है.

गरीब बाप के जज़्बात समझता नहीं कोई,
बेटियाँ दान करता है और बरसों सिसकता है.

मेरे शाने(कंधे) से भी उंचा नज़र आने लगा बेटा,
आजकल बात छुपाता है कहने में हिचकता है.

न जाने कितनी लम्बी जंग है दोनों में अब देखो,
जब चाँद छुप जाता है तो सूरज निकलता है.

Wednesday, December 2, 2009

मौसम सुहाना हो गया..



उसको देखा तो दीवाना हो गया,
चाँद भी कुछ शायराना हो गया.

तुमने झटका ज़ुल्फ़ से पानी उधर,
और इधर मौसम सुहाना हो गया.

भूल बैठे थे जिन्हें मुद्दत से हम,
फिर उन्ही गलियों में जाना हो गया.

खून-ऐ-दिल का और वो करते भी क्या,
हाथ पर मेहँदी लगाना हो गया.

हम अभी तक भी नशे में चूर हैं,
मय पिए हम को ज़माना हो गया.

उसको सीने से मेरे लगना ही था,
बिजलियाँ चमकीं, बहाना हो गया.

घर बनाया तुमने अल्लाह के लिए,
पंछियों का आशियाना हो गया.

Monday, November 16, 2009

चाँद की सिलवटें नज़र आईं....



जब कहीं खल्वतें नज़र आईं,
इश्क की हरक़तें नज़र आईं,

आज फिर उनको प्यार करने चले,
आज फिर कुछ हदें नज़र आईं,

तेरे चेहरे को जो छू कर देखा,
चाँद की सिलवटें नज़र आईं.

सर पे माँ बाप का साया है अभी,
इसलिए बरकतें नज़र आईं.

जिंदगी चुक गयी कुछ भी ना बचा,
तब कहीं फुरसतें नज़र आईं.

चोरी से प्यार हम भी करें..



सोचते यूँ हैं की दो चार बार हम भी करें,
कोई मिल जाए तो चोरी से प्यार हम भी करें.

जिंदगी यूँ ही गुज़र जायेगी डरते डरते,
गुनाह कोई तो इक बार यार हम भी करें.

उचक के चूम लो तुम भी हमारे होठों को,
और अपनी बाहों को गले का हार हम भी करें.

सबूत बेवफाई के ही नज़र आते हैं,
दिल तो कहता है उसपे ऐतबार हम भी करें.
...........
किसी गरीब की झोली में डाल दें बटुआ,
खिजां के मौसमों में इक बहार हम भी करें

Wednesday, November 4, 2009

तेरे बदन की ये खुशबु..



बस इस बहाने से मिलने मिलाने आती है,
वो सूखा तौलिया छत पे सुखाने आती है.

मैं उस हवा का इंतज़ार किया करता हूँ,
जो तेरी खिड़की का पर्दा हटाने आती है.

चाँद कहता है ग़ज़ल तेरे हुस्न पे हर शब्,
चाँदनी गीत तेरे गुनगुनाने आती है.

तेरे बदन की हरारत ही सुलाती है मुझे,
तेरे बदन की ये खुशबु जगाने आती है.

चिराग हो गए गुल घर के खुद-ब-खुद सारे,
तू जुगनुओं की तरह जगमगाने आती है.

Tuesday, October 27, 2009

पानी में रहेगा शायद...

फूल गुलशन में कोई फिर से खिलेगा शायद,
आज लगता है वो थोडा सा हंसेगा शायद..

ना जाने कब मेरी आँखों में आके बैठ गया,
अजीब घर चुना, पानी में रहेगा शायद.

लापता है बड़े दिनों से हमारा दिल भी,
पडा हुआ उसी गली में मिलेगा शायद.

टूट कर बाल पलक का चला गया अन्दर,
आज फिर जोर से वो आँख मलेगा शायद.

बोझ यादों का तो पहले भी बहुत है दिल पर,
अब तेरा ग़म भी मेरे साथ चलेगा शायद.

वो दोस्त बन के आज मुझसे मिलने आया है,
आज फिर से कोई एहसान करेगा शायद.

Tuesday, October 20, 2009

कुछ फटे नोट चल गए होंगे..



ये ना समझो पिघल गए होंगे,
लोग अन्दर से जल गए होंगे.

प्यार से तुमने जो देखा हमको,
सारे आशिक मचल गए होंगे.

गफलत-ऐ-हुस्न से बजारों में,
कुछ फटे नोट चल गए होंगे.

लोग शबनम जिसे समझते हैं,
आँख से मोती ढल गए होंगे.

अब वो पहचानते नहीं हमको,
शायद चेहरे बदल गए होंगे.

आज सूरज में वो तपिश भी नहीं,
धूप में वो निकल गए होंगे.